सच की आंखें न्यूज़ जुन्नारदेव (छिंदवाड़ा)। थाना क्षेत्र के ग्राम रिछेड़ा के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार टाटा ऐस (छोटा हाथी) वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रिछेड़ा निवासी गणेश यदुवंशी (28) ने बताया कि वह 16 अप्रैल 2026 को सुबह बाजार गया था और दोपहर करीब 1 बजे वापस लौट रहा था। इसी दौरान उसके आगे चल रहे एक छोटा हाथी वाहन के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार सपना यदुवंशी (36) और उनका बेटा निकुंज यदुवंशी (18) सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सपना के सिर में गंभीर चोट आई और अधिक खून बहने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल निकुंज को तत्काल जुन्नारदेव के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान देर शाम उसकी भी मौत हो गई।
आरोपी चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हादसे के बाद वाहन चालक शुभम उइके निवासी ग्राम अम्बाड़ा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वाहन को जब्त करने और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं लोगों में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ