परासिया-जुन्नारदेव में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत परासिया एवं जुन्नारदेव में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 200 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव की दूरदर्शी सोच के कारण अब गरीब परिवारों को बेटियों की शादी की चिंता नहीं करनी पड़ती।
सांसद ने कहा कि पहले गरीब परिवार बेटियों की शादी के लिए कर्ज लेने को मजबूर होते थे, लेकिन अब सरकार मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम के दौरान परासिया में 100 एवं जुन्नारदेव में 100 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। सांसद बंटी विवेक साहू ने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए प्रत्येक जोड़े को शासन की ओर से 49 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए।
सामूहिक विवाह समारोह से पूर्व दोनों नगरों में दूल्हों की बारात निकाली गई। घोड़े और बग्गियों में सवार दूल्हों के साथ बैंड-बाजों की धुन पर जनप्रतिनिधि भी बाराती बनकर शामिल हुए। विवाह स्थल पहुंचने पर बारातियों का भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, पूर्व विधायक नत्थनशाह कवरेती, विधायक सोहन वाल्मीक, विधायक सुनील उईके, जनपद अध्यक्ष आशा आम्रवंशी, एसडीएम शुभम यादव, एसडीएम कामिनी ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ