सच की आंखें छिन्दवाड़ा/27 मई 2026/ भारत सरकार के आयुष विभाग एवं मध्यप्रदेश आयुष विभाग के तत्वावधान में आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 के उपलक्ष्य में चल रहे 100 दिवसीय महा-काउंटडाउन के अंतर्गत जिला चिकित्सालय के आयुष विंग एवं पंचकर्म थेरेपी सेंटर में ‘घर-घर योग, हर घर निरोग’ थीम पर अंतिम 25 दिवसीय विशेष काउंटडाउन का आज शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित सामूहिक योग सत्र में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास एवं प्राणायाम किया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर के मार्गदर्शन में किया गया। योग सत्र का संचालन आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितिन टेकरे एवं होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. कविता मसराम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी औषधालय के समस्त चिकित्सा एवं सहयोगी स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी भाग लिया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी आयुष संस्थानों में प्रतिदिन नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है, जिससे आमजन को भी स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो रहा है। वहीं योग नोडल अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र मेरावी ने बताया कि आयुष विभाग मध्यप्रदेश द्वारा प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 9 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से जिले के समस्त आयुष संस्थानों में योगाभ्यास कराया जा रहा है।
इस अवसर पर डॉ. नितिन टेकरे ने आमजन से नियमित योग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि आयुर्वेद का प्रथम उद्देश्य “स्वस्थस्य स्वास्थ्य रक्षणं” अर्थात स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर बीमारियों से दूर रहा जा सकता है और निरोग जीवन जिया जा सकता है।
0 टिप्पणियाँ