‘मोबाइल छोड़ो, मैदान जोड़ो’ अभियान बना आकर्षण का केंद्र
जुन्नारदेव। नगर की आई मार्शल आर्ट्स स्पोर्ट्स अकादमी द्वारा आयोजित दो माह का समर कैंप भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम विद्या देवी शुक्ला महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट एंड एडिशनल सेशन जज महेंद्र मंगोदिया उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुरोध शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ रश्मि चौहान, एडवोकेट संघ अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, अकादमी अध्यक्ष निलेश शुक्ला सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों का तिलक, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। खिलाड़ियों ने “मोबाइल छोड़ो, मैदान जोड़ो” विषय पर आकर्षक चित्रकला एवं मार्शल आर्ट्स का शानदार प्रदर्शन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
करीब 150 खिलाड़ियों ने आत्मरक्षा, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन करते हुए खेलों के महत्व का संदेश दिया। खिलाड़ियों की प्रस्तुति से उपस्थित अभिभावक एवं अतिथि काफी प्रभावित हुए। कार्यक्रम में 200 से अधिक अभिभावकों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने अकादमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेल बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं को मोबाइल की लत से दूर कर खेलों से जोड़ने की पहल को सराहनीय बताया।
अकादमी संचालक एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कोच योगेश रुखमांगद ने बताया कि शिविर में खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी गई। समर कैंप संयोजक सरिता रुखमांगद सहित टीम के अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 खिलाड़ियों को “प्लेयर ऑफ द समर कैंप अवार्ड” से सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। खिलाड़ियों एवं अभिभावकों के लिए चना, केला एवं चाय की व्यवस्था भी की गई।
समापन अवसर पर अभिभावकों ने अकादमी द्वारा बच्चों को सकारात्मक वातावरण एवं बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि “मोबाइल छोड़ो, मैदान जोड़ो” आज की पीढ़ी को स्वस्थ और संस्कारित बनाने की एक सशक्त पहल है।
0 टिप्पणियाँ