सच की आंखें आमला अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आमला शैलेन्द्र बडौनियाँ ने बुधवार को ग्राम पंचायत बोरीखुर्द, छावल, खापाखतेडा एवं कनोजिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई पंचायतों में कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं बेहतर कार्य करने वाले पटवारी को प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बोरीखुर्द पंचायत में सचिव और पटवारी अनुपस्थित
ग्राम पंचायत बोरीखुर्द के निरीक्षण में रोजगार सहायक श्री कमलेश उपस्थित मिले, जबकि सचिव एवं हल्का पटवारी अनुपस्थित पाए गए। बताया गया कि हल्का पटवारी 12 मई को आयोजित जनसुनवाई में भी अनुपस्थित रहे थे। इस पर संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया तथा ग्राम सचिव के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत आमला को दिए गए।
निरीक्षण में समग्र आईडी ई-केवाईसी का कार्य 95 प्रतिशत तथा मनरेगा अंतर्गत समग्र आईडी ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण पाया गया। शेष 85 समग्र आईडी ई-केवाईसी आगामी सात दिनों में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। संबल योजना की समीक्षा के दौरान एक आवेदन लंबित पाया गया, जिसे तत्काल निराकृत करने को कहा गया।
मनरेगा के तहत शासकीय तालाब निर्माण कार्य प्रारंभ होना पाया गया, वहीं विधायक निधि से मंच निर्माण कार्य भी प्रगति पर बताया गया। पंचायत क्षेत्र में नल-जल योजना के माध्यम से प्रतिदिन पेयजल वितरण होने की जानकारी मिली। एसडीएम ने पंचायत में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
छावल पंचायत कार्यालय पर लगा मिला ताला
ग्राम पंचायत छावल के निरीक्षण के दौरान पंचायत कार्यालय पर ताला लगा मिला। सचिव, रोजगार सहायक एवं हल्का पटवारी अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसडीएम ने सरपंच को मौके पर बुलाकर पंचायत कार्यालय खुलवाया।
संबंधित हल्का पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, वहीं सचिव के विरुद्ध कार्रवाई एवं रोजगार सहायक पर अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ को दिए गए।
इसके बाद उचित मूल्य दुकान छावल का निरीक्षण किया गया। पीओएस मशीन के माध्यम से राशन वितरण होते पाया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने पर्ची के आधार पर दो माह का राशन मिलने की पुष्टि की। एसडीएम ने जेएसओ को स्टॉक मिलान करने के निर्देश दिए तथा पंचायत सरपंच को सोसायटी के सामने तत्काल प्याऊ लगाने के निर्देश दिए।
खापाखतेडा में उत्कृष्ट कार्य पर पटवारी सम्मानित
ग्राम पंचायत खापाखतेडा में निरीक्षण के दौरान हल्का पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक, कोटवार एवं सर्वेयर उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय पटवारी श्रीमती प्रीति पोटफोडे किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने का कार्य करती हुई पाई गईं।
पंचायत में लगभग 60 प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है। अनुभाग में सर्वाधिक फार्मर आईडी बनाने पर एसडीएम द्वारा पटवारी श्रीमती प्रीति पोटफोडे को प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
समग्र आईडी ई-केवाईसी का कार्य 96 प्रतिशत पूर्ण पाया गया। शेष 122 ई-केवाईसी आगामी सात दिनों में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। पंचायत में “मां की बगिया” के दो निर्माण कार्य संचालित होना बताए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 22 में से 4 आवासों का कार्य प्रारंभ होना शेष पाया गया, जिस पर शीघ्र निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए गए। पंचायत में नियमित पेयजल वितरण भी सुनिश्चित पाया गया।
कनोजिया पंचायत में नाले-नालियों की सफाई के निर्देश
ग्राम पंचायत कनोजिया के निरीक्षण में सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित मिले, जबकि हल्का पटवारी एवं कोटवार अनुपस्थित पाए गए। संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
एसडीएम ने 14, 15 एवं 16 मई को विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने के निर्देश दिए। पंचायत की केसबुक 31 मार्च 2026 तक अद्यतन पाई गई। समग्र आईडी ई-केवाईसी 92 प्रतिशत तथा मनरेगा समग्र ई-केवाईसी 98 प्रतिशत पाई गई। संबल योजना में कोई आवेदन लंबित नहीं मिला।
प्रधानमंत्री आवास योजना में 57 के लक्ष्य के विरुद्ध 29 आवास पूर्ण एवं शेष निर्माणाधीन बताए गए। वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी नाले-नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
आंगनवाड़ी केंद्र का भी किया निरीक्षण
एसडीएम श्री बडौनियाँ ने आंगनवाड़ी केंद्र कनोजिया का निरीक्षण कर भवन की मरम्मत कराने के निर्देश सरपंच एवं ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के उपयंत्री को दिए। साथ ही नवीन आंगनवाड़ी भवन का प्रस्ताव भेजने हेतु परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास आमला को निर्देशित किया गया।
0 टिप्पणियाँ