सच की आंखें छिंदवाड़ा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान अंतर्गत स्थानीय अग्रवाल पैलेस में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का मंगलवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन में दो विशेष सत्र का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम आयोजन जिज्ञासा एवं समाधान का रहा जिसमें भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल द्वारा प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया वही दूसरा महत्वपूर्ण सत्र समापन सत्र रहा जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद राधामोहन दास अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा व्यक्तिवाद नहीं, बल्कि विचारधारा आधारित संगठन है। प्रशिक्षण का उद्देश्य ऐसे कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है जो राष्ट्र सेवा को सर्वोपरि मानते हुए भारत को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता राष्ट्र सेवा का साधन है और संगठन वैचारिक रूप से निष्ठावान एवं राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित कार्यकर्ताओं का निर्माण करता है।
उन्होंने कहा कि संगठन में परिवार भाव सबसे महत्वपूर्ण तत्व है, इसलिए आवासीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते हैं, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीयता और समन्वय बढ़े। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति त्याग, तपस्या और बलिदान की राजनीति है तथा हमें देश के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों के सपनों को साकार करने का संकल्प लेना चाहिए।
“जिज्ञासा समाधान” सत्र में कार्यकर्ताओं के प्रश्नों का समाधान
जिला प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत आयोजित “जिज्ञासा समाधान” सत्र में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने प्रशिक्षार्थियों के प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का विस्तार से समाधान किया। सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने की।
सत्र के दौरान संगठन, कार्यपद्धति, बूथ सशक्तिकरण, आगामी कार्यक्रमों एवं कार्यकर्ता की भूमिका से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। श्री जामवाल ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समन्वय एवं सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जागरूक एवं प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होता है।
राष्ट्र सेवा के लिए कार्यकर्ता निर्माण पर जोर
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक प्रशिक्षण राष्ट्र सेवा के लिए दक्ष एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य भारत माता के गौरव को परम वैभव तक पहुंचाना है।
गरीब कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण
नवम सत्र में “अपनी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं और उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर सांसद विवेक साहू ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता प्रशिक्षण महाभियान के संभागीय प्रभारी विजय झांझरी ने की।
सांसद श्री साहू ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना एवं जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ता विकास एवं संगठन विस्तार पर मार्गदर्शन
दशम सत्र में “कार्यकर्ता विकास, संभाल एवं अपेक्षाएं” विषय पर पूर्व विधायक ताराचंद बावरिया ने संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी ने की।
श्री बावरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचार आधारित संगठन है और कार्यकर्ता उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। अनुशासन, सेवाभाव, अध्ययनशीलता एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से ही सक्षम कार्यकर्ता का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि आत्मीय व्यवहार, संवाद एवं सहयोग संगठन को मजबूत बनाते हैं तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ संगठन विस्तार एवं समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
भाजपा के इतिहास एवं मीडिया प्रबंधन पर हुए सत्र
ग्यारहवें सत्र में “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह ने जनसंघ की स्थापना से लेकर भारतीय जनता पार्टी के गठन तक के इतिहास पर प्रकाश डाला। सत्र की अध्यक्षता लखन वर्मा ने की।
बारहवें सत्र में “मीडिया प्रबंधन एवं सोशल मीडिया” विषय पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू एवं आदित्य शर्मा ने संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता ज्योति डेहरिया ने की।
प्रशिक्षण वर्ग में मंच संचालन जिला महामंत्री एवं प्रशिक्षण वर्ग के जिला संयोजक कमलेश उईके ने किया तथा आभार प्रदर्शन ठाकुर प्रियवर सिंह द्वारा किया गया। समापन के अंतिम क्रम में प्रशिक्षण से संबंधित प्रश्नोत्तरी का आयोजन संभागीय प्रभारी विजय झांझरी द्वारा किया गया।
समापन सत्र के दौरान राष्ट्रीय महासचिव डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, सांसद विवेक साहू, जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, विजय झांझरी, कमलेश उईके, ठाकुर प्रियवर सिंह, राजेश श्रीवास्तव, श्रीमती भारती साहू सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ