छिंदवाड़ा पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन, एक रात में 120 वारंटी गिरफ्तार

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0


सच की आंखें छिंदवाड़ा। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से छिंदवाड़ा पुलिस ने शनिवार रात विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने एक ही रात में 33 स्थायी वारंटी एवं 87 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 120 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के नेतृत्व में 6-7 जून की रात्रि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक कॉम्बिंग गश्त की गई। अभियान के तहत अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर दबिश, नाकाबंदी और मुखबिर तंत्र की सहायता से कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान जिलेभर में 101 गुंडा बदमाश, 76 निगरानी बदमाश, एक जेल से रिहा आरोपी तथा 42 कबाड़ियों की सघन जांच की गई। इसके अलावा दो गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया गया।

पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए 38 व्यक्तियों के कब्जे से लगभग 250 लीटर अवैध शराब जब्त की तथा आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए।

कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान थाना चांद पुलिस को भी बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने ग्राम शहपुरा के पास हुई सोने की चैन झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी हरिओम नरवरे (26) निवासी भांडखापा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चैन एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई।

सर्वाधिक वारंट तामील करने में थाना कुंडीपुरा पुलिस अव्वल रही, जहां 8 स्थायी और 12 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 20 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। थाना परासिया में 9 तथा थाना चौरई में 10 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए संबंधित पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आदतन अपराधियों पर निगरानी रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default