सच की आंखें बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत जैरासी अंतर्गत बैगा जनजाति बहुल ग्राम पंड्रापानी में आज 14 जून को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण हेतु विभिन्न विभागों द्वारा जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत नेताम उपस्थित रहे। उनके साथ ग्राम पंचायत जैरासी के सरपंच ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं से लाभान्वित किया। इस अवसर पर कृषक श्री मुंगेल सिंह एवं श्री महेंद्र सिंह उईके को अरहर की उन्नत किस्म भीमा के बीज वितरित किए गए।
शिविर में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को खरीफ सीजन की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों को डायरेक्ट सीडेड राइस (डीएसआर) पद्धति से धान की बुवाई के लाभों के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि डीएसआर तकनीक अपनाने से पानी, श्रम एवं लागत की बचत होती है तथा समय पर बुवाई कर बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
इसके साथ ही किसानों को नरवाई प्रबंधन के महत्व से अवगत कराया गया। उन्हें फसल अवशेषों को जलाने के बजाय खेत में ही वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करने की सलाह दी गई, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और पर्यावरण संरक्षण में भी सहायता मिलती है। किसानों को प्राकृतिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, किसान, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने ऐसे शिविरों को शासन और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसकी सराहना की तथा कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे गांव स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ