सच की आंखें छिंदवाड़ा - नगर पालिका निगम महापौर विक्रम अहाके एवं आयुक्त सी. पी. राय के कुशल निर्देशन में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान अनवरत रूप से जारी है, जिसके अंतर्गत मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय परिसर धरम टेकड़ी में विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय अधिकारी एम. पी. तिवारी को पौधा भेंटकर किया गया पश्चात स्वाभिमान जनकल्याण समिति के साथ नगर पालिका निगम छिंदवाड़ा स्वच्छ भारत मिशन टीम द्वारा पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सर्वोदय अहिंसा के प्रदेश संयोजक एवं स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर दीपक राज जैन, स्वच्छता चैंपियंस अलका नीरज शुक्ला, डॉ. मीरा पराड़कर, रविन्द्र सिंह कुशवाह, डॉ. महेश वंदेवार के साथ देव पाठक सहित समाज सेवी सपना सोनी, अंगूरी मस्कुले, आयशा लोधी सम्मिलित हुई ओर सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रांड एंबेसडर दीपक राज जैन ने सभी को स्वच्छता सहित पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई, वहीं कपड़े की थैली मेरी सहेली के अंतर्गत श्री तिवारी क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं स्टाफ द्वारा सभी को जूट की थैली भेंट की गई। सफल आयोजन में सहयोग के लिए डॉ. मीरा पराड़कर ने सभी स्वच्छता एवं पर्यावरण प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित छिंदवाड़ा, स्वच्छ छिंदवाड़ा तथा जनसामान्य को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया।
आयोजकों ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण हेतु कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति एवं मातृत्व के सम्मान का प्रतीक है, जो समाज में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित कर रहा है।
0 टिप्पणियाँ