सच की आंखें तामिया। अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए ग्राम आलीवाड़ा (बांकी) के युवा प्रद्युम्न सूर्यवंशी के सफल प्रशिक्षण उपरांत गृह आगमन पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। प्रद्युम्न, श्री नारायण सूर्यवंशी के सुपुत्र हैं। उनके गांव पहुंचते ही ग्रामीणों, परिजनों एवं मित्रों ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
गुरुवार को आयोजित स्वागत कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी संगठन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने प्रद्युम्न सूर्यवंशी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और इससे अन्य युवाओं को भी भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि गांव के खेल मैदान में प्रतिदिन सुबह युवाओं द्वारा नियमित रूप से दौड़ एवं शारीरिक अभ्यास किया जाता है। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों एवं सामान्य परिवारों से आने वाले अनेक युवा पढ़ाई के साथ-साथ सेना में भर्ती होने का सपना लेकर कठिन परिश्रम कर रहे हैं। प्रद्युम्न ने भी युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत एवं अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रद्युम्न सूर्यवंशी के माता-पिता, बहनें दीपिका, प्रियंका, बेबी राय एवं योगिता, तथा भाई उमेश, प्रवीण, ब्रह्मसा, आशीष, विक्की, अंकित, केशव, गगन एवं सत्यम सहित संतोष सूर्यवंशी (तामिया) और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अग्निवीर जवान का स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सैन्य सेवा की शुभकामनाएं दीं।
0 टिप्पणियाँ