जनसुनवाई : कलेक्टर श्री नारायन ने सुनी 129 आवेदकों की समस्यायें

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0


सच की आँखे
राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 129 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण करने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बिजली पानी की समस्या आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।
       कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम खूनाझिर के श्री गौरीशंकर मालवीय ने भूमि का नक्शा सुधार कार्य कराने, ग्राम पलटवाड़ा के समस्त ग्रामवासियों ने अनावेदकगणों द्वारा शासकीय भूमि पर किये गये अतिक्रमण को हटवाने, ग्राम पंचायत माली के ग्राम सिराढाना के ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत भाखरा एवं ग्राम सिराढाना के मध्य पक्की सड़क निर्माण कराने, ग्राम सावरी बाजार के श्री नसीम कुरैशी ने बीपीएल राशन कार्ड बनवाने, ग्राम चांदामेटा की कु. गायत्री बावरिया ने स्थाई जाति प्रमाण पत्र बनवाने, न्यटन चिखली की श्रीमती रामदुलारी जायसवाल ने नगर परिषद न्यूटन से शासकीय कर्मचारी के रूप में सेवा देने के बाद सेवानिवृत्ति उपरांत अर्जित अवकाश की राशि का भुगतान किये जाने, अमरवाड़ा के वार्ड नंबर-3 की श्रीमती दुर्गा नायक ने क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत कराने तथा आवासीय पट्टा प्रदाय करने, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गांगीवाड़ा की कक्षा 12वीं की छात्रा कु. अंजली डेहरिया ने विद्यालय की फीस माफ कराने व आर्थिक सहायता दिलाने एवं छिंदवाड़ा के इंदिरा नगर के श्री शरद कोलारे ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार व एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default