30 जुलाई तक चलेंगे कार्यक्रम
जुन्नारदेव ---- मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को जुन्नारदेव थाना परिसर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित होगा, जिसका उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी सोनम पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जगोतिन मसराम के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस और नागरिकों की साझा जिम्मेदारी पर विशेष बल दिया गया। उक्त कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन को उपस्थित पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए जनसहभागिता को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशे की लत से बचाने, व्यापक जनजागरूकता फैलाने तथा नशे के विरुद्ध सामूहिक जनआंदोलन खड़ा करने पर बल दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने मुख्यमंत्री के संदेश, निर्देशों एवं संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नगर पालिका परिषद जुन्नारदेव की अपील समिति के सदस्य पार्षद संजय जैन सहित नगर पालिका परिषद के अन्य पार्षद एवं जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अभियान को समाजहित की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा तथा स्वस्थ, सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा। थाना प्रभारी जागोतिन मसराम ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा समाज को भी इस जनजागरूकता अभियान से जोड़ें।
