सच की आंखें न्यूज़ उमरेठ। ग्राम पंचायत उमरेठ के मोक्षधाम में निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल के कार्य में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि बाउंड्रीवाल के 11 कॉलम केवल बजरी और रेत के मिश्रण से तैयार किए गए हैं, जबकि निर्माण में गिट्टी का उपयोग नहीं किया गया। इससे शासकीय निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिव स्वयं ठेकेदार की भूमिका निभाकर निर्माण कार्य करा रहे हैं, जिससे नियमों की अनदेखी होने के साथ ही सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इस संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री रामप्रसाद कुमरे ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराने की मांग की। शिकायत के बाद जनपद पंचायत के इंजीनियर ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। बताया गया कि प्रथम दृष्टया खामियां मिलने पर आवश्यक होने पर दोषपूर्ण निर्माण को तोड़कर पुनः गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री रामप्रसाद कुमरे ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीणों के साथ जनआंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान पूर्व जनपद अध्यक्ष कैलाश सोनी, महामंत्री संदीप यादव, मंडल उपाध्यक्ष राकेश कुशवाहा, शैलेश सोनी, पंकज चौरसिया, सुंदर साहू, पंच घुड़न साहू, सुनील साहू, छोटू पाल, हितेंद्र, विनोद सोनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
