सांसद बंटी विवेक साहू के मार्गदर्शन में 100 दिवसीय स्वास्थ्य सेवा अभियान की तैयारियां शुरू
छिंदवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में 100 दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। सांसद बंटी विवेक साहू के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इन शिविरों को लेकर सांसद कार्यालय में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने आयोजन समिति के सदस्यों से कहा कि 100 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों को सफल बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने सदस्यों से अभी से शिविरों की तैयारियां प्रारंभ करने तथा अभियान को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित आयोजन समिति के सदस्यों ने अभियान को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सांसद श्री साहू ने जिले के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, आशा व ऊषा कार्यकर्ताओं सहित अन्य लोगों से अपील की कि अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक मरीजों को पहुंचाएं, ताकि जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
दो वर्षों में 1.70 लाख से अधिक मरीज हुए लाभान्वित
बैठक के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत पिछले दो वर्षों में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में आयोजित 100 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 1 लाख 70 हजार से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से 20 हजार से अधिक मरीजों को विभिन्न गंभीर बीमारियों के उपचार एवं ऑपरेशन के लिए छिंदवाड़ा सहित महानगरों के अस्पतालों में भेजा गया।
उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से गांवों में ऐसे मरीजों तक भी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचीं, जो उपचार के अभाव में लंबे समय से घरों में ही पड़े थे। पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी 100 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए किया जाएगा रेफर
सांसद श्री साहू ने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। फिलहाल शिविरों की तिथियों एवं स्थानों का चयन किया जा रहा है। शिविरों के दौरान चिन्हित गंभीर मरीजों को आवश्यकतानुसार जिला अस्पताल, निजी चिकित्सालयों एवं महानगरों के विशेषज्ञ अस्पतालों में उपचार एवं ऑपरेशन के लिए भेजा जाएगा।
स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। बैठक में सांसद ने आयोजन समिति के सदस्यों से अभियान को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे, जिस पर सदस्यों ने विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए।
सांसद बंटी विवेक साहू ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इन निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने आसपास के जरूरतमंद मरीजों को भी शिविरों तक पहुंचाने में सहयोग करें।
बैठक में ये रहे उपस्थित
सांसद कार्यालय में आयोजित बैठक में भाजपा जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. कृष्ण हरजानी, वरिष्ठ समाजसेवी प्रभुनारायण नेमा, दीपक खंडेलवाल, डॉ. हितेश मिश्रा, डॉ. मयंक साहू, पूरन राजलानी, मनोज कुशवाह, जगेन्द्र अल्डक, रिजवान कुरैशी, नीरज भारद्वाज, मनोज सक्सेना, अभिषेक सिंह चंदेल, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. प्रियंक शर्मा एवं दिनेशकांत मालवी सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
