अंबाडा। पुलिस चौकी अंबाडा, थाना जुन्नारदेव की डायल-112 टीम ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घर से निकली एक महिला को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार महिला मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते घर से निकल गई थी और गांव में भटकते हुए मिली। महिला को भटकता देखकर एक जागरूक ग्रामीण ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।इसके बाद पुलिस चौकी अंबाडा के माध्यम से महिला के परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। पुलिस टीम ने महिला को सकुशल उसके घर पहुंचाकर परिजनों के सुपुर्द किया। महिला के परिजनों ने पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस की अपील: पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति भटकता हुआ या संकट की स्थिति में दिखाई दे तो तत्काल डायल-112 पर सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी जरूरतमंद व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
