मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तीसरे सप्ताह बारिश के बीच मैदानी निरीक्षण पर निकले निगमायुक्त वार्ड 3 और 4 में सीवरेज कार्यों पर जताई नाराजगी, सुधार के दिए सख्त निर्देश

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तीसरे सप्ताह बारिश के बीच मैदानी निरीक्षण पर निकले निगमायुक्त वार्ड 3 और 4 में सीवरेज कार्यों पर जताई नाराजगी, सुधार के दिए सख्त निर्देश



छिंदवाड़ा। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के लिए चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तीसरे सप्ताह में भी नगर निगम का मैदानी अमला पूरी सक्रियता के साथ जुटा रहा। शुक्रवार को दिनभर रिमझिम एवं तेज बारिश के बावजूद नगर निगम आयुक्त श्री चंद्र प्रकाश राय निगम अधिकारियों के साथ स्वयं फील्ड पर पहुंचे और वार्डों का सघन निरीक्षण किया।
अभियान के तहत नगर निगम आयुक्त श्री राय ने वार्ड क्रमांक 3 एवं 4 में पहुंचकर मैदानी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद श्री राहुल उइके एवं वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद श्री उदय सिंह पटेल सहित निगम अधिकारियों की उपस्थिति में आयुक्त ने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद स्थापित किया।

निरीक्षण के दौरान सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों, जन आकांक्षाओं के तहत प्राप्त आवेदनों तथा प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल एवं स्वच्छता से संबंधित शिकायतों का मौके पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण किया गया।
सीवरेज कार्यों पर सख्त नाराजगी, दिए सुधार के निर्देश

मैदानी निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री चंद्र प्रकाश राय ने सीवरेज कार्यों की धीमी गति एवं व्यवस्थागत कमियों को लेकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित उपयंत्री को सीवरेज व्यवस्था में तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सीवर कनेक्शनों को निर्धारित चैंबरों से ही जोड़ा जाए, ताकि सड़कों एवं नालियों में जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों। उन्होंने सीवरेज कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान आयुक्त एवं जनप्रतिनिधियों ने वार्डवासियों से संवाद कर उन्हें अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।

दिव्यांग परिवार के लिए दिखाई संवेदनशीलता

निरीक्षण के दौरान एक ऐसा परिवार सामने आया, जिसके दोनों सदस्य दिव्यांग थे। मामले की जानकारी मिलते ही निगमायुक्त ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को मेडिकल बोर्ड से समन्वय स्थापित कर दोनों सदस्यों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र शीघ्र बनवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पात्र हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के एक पात्र हितग्राही को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। वहीं, मौके पर ही 9 विवाह प्रमाण पत्र जारी कर हितग्राहियों को सौंपे गए।

अधिकारियों ने वार्डों में डोर-टू-डोर संपर्क कर नए पात्र हितग्राहियों को भी चिन्हित किया तथा उन्हें नियमानुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के प्रथम एवं द्वितीय सप्ताह में भी नगर निगम की टीम द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न वार्डों का सघन भ्रमण कर नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया गया था। कई शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए तीसरे सप्ताह में भी बारिश और खराब मौसम की परवाह किए बिना निगम प्रशासन मैदानी स्तर पर पहुंचा और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए कार्रवाई की।

इस दौरान नगर निगम उपायुक्त श्री कमलेश निरगुड़कर, कार्यपालन यंत्री श्री सोनू सकवार एवं श्री हिमांशु अतुलकर, सहायक यंत्री श्री ब्रजेश पांडे, कार्यालय अधीक्षक श्री मोहन नागदेव, योजना लिपिक श्रीमती सुषमा माथुर, एनयूएलएम प्रभारी श्री उमेश पयासी, राजस्व निरीक्षक श्री ऋषभ स्थापक सहित अन्य मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default