मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तीसरे शुक्रवार चांद क्षेत्र में पहुंचे कलेक्टर सहित जिला अधिकारी शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं, बादगांव शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तीसरे शुक्रवार चांद क्षेत्र में पहुंचे कलेक्टर सहित जिला अधिकारी शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं, बादगांव शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं


छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शासकीय सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत तीसरे शुक्रवार को जिले के सभी जिला स्तरीय, अनुविभागीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी मैदानी क्षेत्रों में पहुंचे। अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी तथा ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं।

इसी क्रम में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की टीम के साथ चौरई अनुविभाग के चांद क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध जनसुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संस्थाओं के दैनिक संचालन, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा अभिलेखों के संधारण के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम चौरई श्री प्रभात मिश्रा एवं सीईओ जनपद पंचायत चौरई श्री तरुण राहंगडाले भी उपस्थित थे।

हरनाखेड़ी उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण

कलेक्टर श्री नारायन ने सबसे पहले तहसील चांद अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकान हरनाखेड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्यान्न के उपलब्ध स्टॉक, वितरण प्रक्रिया एवं हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली।

कलेक्टर ने दुकान में संधारित अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए स्टॉक एवं वितरण संबंधी रिकॉर्ड का मिलान किया। उन्होंने उपस्थित हितग्राहियों से चर्चा कर वितरण व्यवस्था का फीडबैक भी लिया।

उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए। निरीक्षण के दौरान सहायक आपूर्ति अधिकारी, उचित मूल्य दुकान विक्रेता सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

उप स्वास्थ्य केंद्र चांद एवं बादगांव की व्यवस्थाएं परखी

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री नारायन ने उप स्वास्थ्य केंद्र चांद एवं बादगांव का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, ओपीडी कक्ष, स्टोर रूम, टीकाकरण कक्ष, नर्सिंग स्टेशन, लैब एवं प्रसव कक्ष का जायजा लिया।

कलेक्टर ने स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों की संख्या, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त करते हुए मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रात्रिकालीन समय में आने वाले मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।

उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में आने वाले मरीजों का तत्काल आकलन कर उपचार शुरू किया जाए अथवा रेफरल की आवश्यकता होने पर संबंधित संस्थानों से समन्वय स्थापित कर बिना विलंब मरीज को रेफर किया जाए। उन्होंने कहा कि उपचार में समय का विशेष महत्व है और प्रत्येक व्यक्ति का जीवन कीमती है।

सर्पदंश के मामलों में झाड़-फूंक में समय न गंवाने की अपील

कलेक्टर श्री नारायन ने बरसात के मौसम में विशेषकर सर्पदंश के मामलों में पूरी संवेदनशीलता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सा उपचार के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों की गर्भवती महिलाओं की पूरी जानकारी रखी जाए तथा चिकित्सक स्वयं उनकी संभावित प्रसव तिथि (ईडीडी) की नियमित मॉनिटरिंग करें। कलेक्टर ने कहा कि संभावित प्रसव तिथि निकलने के बाद गर्भवती महिला एवं गर्भस्थ शिशु दोनों के लिए जोखिम बढ़ सकता है, इसलिए समय पर निगरानी और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र चांद के भीतरी परिसर में अनावश्यक सामग्री रखी पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और परिसर को शीघ्र साफ कराने के निर्देश दिए। इस दौरान बीएमओ चौरई सहित संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

बादगांव शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

मैदानी निरीक्षण के बाद कलेक्टर श्री नारायन सभी अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत बादगांव में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याएं एक-एक कर सुनीं। शिविर में क्षेत्र की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कपूरधा की कक्षा 11वीं की एक छात्रा को छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत पर कलेक्टर ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी चौरई एवं संबंधित संकुल प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

शिविर में प्राप्त अन्य समस्याओं पर भी संबंधित अधिकारियों को तत्परता से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम चौरई श्री प्रभात मिश्रा, सीईओ जनपद पंचायत चौरई श्री तरुण राहंगडाले सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, चौरई अनुविभाग के अधिकारी, खंड स्तरीय अधिकारी, चांद क्षेत्र के अधिकारी एवं स्थानीय कर्मचारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default