तामिया सावन महोत्सव 21 से 23 अगस्त तक, पर्यटकों के लिए होंगी विशेष गतिविधियां
छिंदवाड़ा, 19 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से तामिया सावन महोत्सव का आयोजन 21 से 23 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। महोत्सव का उद्देश्य छिंदवाड़ा जिले में संचालित ग्रामीण होम स्टे को बढ़ावा देने के साथ पर्यटन विकास, स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खेलों, लोककला और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करना है।
जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में पर्यटकों के लिए सावन के झूले, आदिवासी कला, हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों की बिक्री, नेचर फोटोग्राफी प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पर्यटक आदिवासी वेशभूषा और बांस का पारंपरिक मुकुट पहनकर सेल्फी भी ले सकेंगे।
महोत्सव में पर्यटन ग्राम सावरवानी का शुद्ध देसी घी तथा पर्यटन ग्राम चोपना का स्वादिष्ट मावा भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगा। पर्यटकों के खान-पान के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकेगा।
ट्रेकिंग और पर्यटन गतिविधियों का मिलेगा अनुभव
तामिया सावन महोत्सव के लिए क्षेत्र को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रमुख ट्रेकिंग प्वाइंट्स पर सुरक्षा एवं स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई है। पर्यटकों को गाइड के माध्यम से वल्चर प्वाइंट, चीड़ प्वाइंट, छोटा महादेव, ग्वालगढ़ पहाड़ी और तुलतुला पहाड़ की ट्रेकिंग कराई जाएगी।
देश के विभिन्न महानगरों से टूर ऑपरेटर भी महोत्सव में सहभागिता करेंगे और तामिया सहित आसपास के पर्यटन ग्रामों में संचालित होम स्टे की सुविधाओं एवं प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन करेंगे। पर्यटकों को तामिया ब्लॉक के पर्यटन ग्रामों में संचालित होम स्टे तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में महोत्सव की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री राज नंदनी ठाकुर को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने तामिया रेस्ट हाउस में बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी श्री बलराम राजपूत ने बताया कि महोत्सव में स्थानीय नृत्य, लोककला और लोक संगीत को भी प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव तामिया के प्रसिद्ध पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के समीप आयोजित होगा।
प्लास्टिक फ्री और जीरो वेस्ट रहेगा महोत्सव
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार तामिया सावन महोत्सव को प्लास्टिक फ्री एवं जीरो वेस्ट बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएंगे तथा वॉलंटियर्स स्वच्छता व्यवस्था पर नजर रखेंगे। कचरा इधर-उधर फेंकने वालों पर जुर्माने का प्रावधान भी किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे महोत्सव के दौरान प्लास्टिक का उपयोग न करें, स्वच्छता बनाए रखें और तामिया की प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग प्रदान करें।
