छिंदवाड़ा। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान के संबंध में उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ ने अभियान के उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
रबी वर्ष 2026-27 में उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने तथा किसानों को उनकी फसल की आवश्यकता के अनुसार उर्वरक अग्रिम रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ई-विकास प्रणाली में टोकन जनरेट करने, पोर्टल की उपलब्ध सुविधाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने, सभी किसानों की फार्मर आईडी बनवाने, बकेटिंग के लंबित प्रकरणों का निराकरण करने तथा पैक्स में अधिक से अधिक किसानों को सदस्य बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
राज्य शासन द्वारा प्रदेशव्यापी एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान किसानों को केसीसी सेचुरेशन सहित विभिन्न कृषि एवं सहकारिता संबंधी सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, श्री मेरसिंह चौधरी, श्री रामराव लाड़े, ओआईसी भू-अभिलेख, उपायुक्त सहकारिता, महाप्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, परियोजना संचालक आत्मा, जिला विपणन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, समस्त तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सहित संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे। इसके अलावा सभी सहायक संचालक कृषि, अनुविभागीय कृषि अधिकारी, कृषि एवं आत्मा परियोजना का अमला तथा सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
