रक्षाबंधन पर जिला जेल में बंदियों से विशेष मुलाकात की व्यवस्था28 अगस्त को सुबह 8:30 से दोपहर 2 बजे तक मिलेगी मुलाकात की सुविधा, प्रशासन ने जारी किए आवश्यक निर्देश

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
रक्षाबंधन पर जिला जेल में बंदियों से विशेष मुलाकात की व्यवस्था

28 अगस्त को सुबह 8:30 से दोपहर 2 बजे तक मिलेगी मुलाकात की सुविधा, प्रशासन ने जारी किए आवश्यक निर्देश

छिंदवाड़ा/ रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जिला जेल छिंदवाड़ा में निरुद्ध बंदियों से उनके भाई-बहनों की विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई है। अधीक्षक जिला जेल प्रतीक कुमार जैन ने बताया कि 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष मुलाकात कराई जाएगी।

जारी निर्देशों के अनुसार बंदी भाइयों से मिलने वाली बहनों तथा बंदी बहनों से मिलने वाले भाइयों को ही विशेष मुलाकात के लिए प्रवेश दिया जाएगा। उनके साथ आने वाले 6 वर्ष तक के बच्चों को भी प्रवेश की अनुमति होगी, जबकि अन्य परिजनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

एक बंदी से अधिकतम 5 व्यक्तियों को मिलने की अनुमति होगी। मुलाकात की अवधि अधिकतम 10 मिनट निर्धारित की गई है। हालांकि, अधिक भीड़ होने की स्थिति में मुलाकात की अवधि में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जा सकेगा।

मुलाकात के लिए आने वाले सभी भाई-बहनों को अपना आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र की छायाप्रति अनिवार्य रूप से साथ लानी होगी। पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर मुलाकात की अनुमति नहीं दी जाएगी।

रक्षाबंधन से संबंधित सामग्री जैसे राखी, नारियल, रूमाल एवं मिठाई आदि जिला जेल की कैंटीन पर निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध रहेगी, जिसे आवश्यकता अनुसार खरीदा जा सकेगा। बाहरी सामग्री को जेल गेट के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुलाकात के लिए आने वाले व्यक्ति बीड़ी, तंबाकू, गुटखा एवं इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जैसे घड़ी, मोबाइल, हेडफोन आदि लेकर जेल परिसर में प्रवेश नहीं करेंगे। प्रतिबंधित सामग्री पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुलाकात के लिए आने वाले भाई-बहनों को अपने साथ लाए सामान को जेल गेट के बाहर रखने के लिए किसी परिजन या परिचित व्यक्ति को साथ लाने की सलाह दी गई है, क्योंकि जेल प्रशासन द्वारा सामान रखने के लिए पृथक व्यवस्था नहीं की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default