चयनित तीर्थ यात्रियों को सुबह 10 बजे तक रेलवे स्टेशन पहुंचना अनिवार्य
छिंदवाड़ा । मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले से चयनित तीर्थ यात्रियों को मथुरा-वृंदावन की तीर्थ यात्रा पर ले जाने के लिए विशेष ट्रेन 30 अगस्त 2026, रविवार को छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा 30 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक रहेगी। विशेष ट्रेन 30 अगस्त को प्रातः 11 बजे छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन से मथुरा-वृंदावन के लिए प्रस्थान करेगी।
यात्रा के लिए चयनित तीर्थ यात्रियों की सूची संबंधित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों को पूर्व में उपलब्ध कराई जा चुकी है। सभी चयनित यात्रियों को 30 अगस्त को सुबह 10 बजे तक छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचना अनिवार्य किया गया है।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने यात्रियों को रेलवे स्टेशन तक लाने तथा उन्हें विशेष ट्रेन में सुरक्षित रूप से बैठाने की व्यवस्था एवं जिम्मेदारी आयुक्त नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा तथा संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सौंपी है। संबंधित अधिकारियों द्वारा पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। कर्मचारी यात्रियों की गणना कर उन्हें ट्रेन में बैठाएंगे तथा इसकी रिपोर्ट संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे।
पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य
डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल कुमार पटेल ने बताया कि तीर्थ यात्रा पर जाने वाले सभी चयनित यात्रियों को अपने साथ यात्रा टिकट एवं फोटोयुक्त पहचान पत्र की मूल प्रति अनिवार्य रूप से लानी होगी। पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र अथवा पैन कार्ड में से कोई एक साथ रखना आवश्यक है।
प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी चयनित यात्रियों को विशेष ट्रेन के प्रस्थान स्थल, समय एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि सभी यात्री निर्धारित समय पर रेलवे स्टेशन पहुंच सकें और तीर्थ यात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
