छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस (टीएलएम) छिंदवाड़ा सब डिवीजन ने उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के आधार पर प्रदेश के 37 ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस सब डिवीजनों में द्वितीय स्थान प्राप्त कर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया है।
वर्ष 2025-26 के दौरान पारेषण लाइनों के बेहतर रखरखाव, त्वरित दोष निराकरण, उच्च उपलब्धता, सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन तथा नवाचारपूर्ण कार्यप्रणाली के आधार पर टीएलएम छिंदवाड़ा सब डिवीजन को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में किया गया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जबलपुर स्थित बिजली कंपनियों के मुख्यालय में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी, सेवानिवृत्त एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं पारेषण निर्माण क्षेत्र के विशेषज्ञ श्री स्वराज शर्मा तथा मुख्य अभियंता श्री डी.के. अग्रवाल ने टीएलएम छिंदवाड़ा सब डिवीजन को उपविजेता ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सहायक अभियंता अमोल शेंडे ने ग्रहण किया सम्मान
टीएलएम छिंदवाड़ा सब डिवीजन की ओर से सहायक अभियंता श्री अमोल शेंडे ने उपविजेता ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र ग्रहण किया।
समारोह के दौरान प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने छिंदवाड़ा सब डिवीजन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना, कार्यकुशलता और समर्पण की सराहना की। उन्होंने विद्युत पारेषण व्यवस्था को विश्वसनीय एवं सुचारू बनाए रखने में टीम द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
प्रदेश के 37 ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस सब डिवीजनों के प्रदर्शन मूल्यांकन में छिंदवाड़ा सब डिवीजन का द्वितीय स्थान प्राप्त करना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान पारेषण प्रणाली के बेहतर रखरखाव, समयबद्ध मेंटेनेंस, त्वरित दोष निराकरण और विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
एमपी ट्रांसको के छिंदवाड़ा टीएलएम सब डिवीजन की यह उपलब्धि क्षेत्र की तकनीकी दक्षता, कार्यकुशलता और समर्पित कार्यसंस्कृति को प्रदर्शित करती है।
