देहात पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह का किया पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार
सच की आंखें न्यूज़ छिंदवाड़ा। देहात थाना पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने एक व्यक्ति को कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की, अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने तथा बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग की।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को फरियादी ने थाना देहात में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नुरूल हसन, संदेश सोनी, तनवीर उल्ला, सोनिका साहू और खुशबू खान ने योजनाबद्ध तरीके से उसे गुरैया रोड स्थित एक मकान के कमरे में ले जाकर बंद किया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपये मांगे।
फरियादी की शिकायत पर थाना देहात में अपराध क्रमांक 451/2026, धारा 308(6), 61(2), 351(3) एवं 126(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नुरूल हसन (35), खुशबू खान (41), तनवीर उल्ला (45), सोनिका साहू (36) और संदेश सोनी (40) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में तनवीर उल्ला और नुरूल हसन के विरुद्ध पूर्व में मारपीट, धोखाधड़ी और जुआ संबंधी अपराध भी दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 5 मोबाइल फोन, कीमत करीब 1.50 लाख रुपये, तथा कार क्रमांक MP28CA9304, कीमत करीब 1.75 लाख रुपये जब्त की है। कुल जब्ती की कीमत करीब 3.25 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत सहित देहात थाना, कुण्डीपुरा एवं साइबर सेल की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
