छिंदवाड़ा। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय छिंदवाड़ा एवं प्राचार्य, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा।
रोजगार मेला 25 अगस्त 2026, मंगलवार को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, छिंदवाड़ा में आयोजित होगा। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 6 कंपनियां शामिल होकर रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी सुश्री माधुरी भलावी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन, समग्र आईडी (अनिवार्य) तथा शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों/रिज्यूम के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर आईटीआई परिसर में उपस्थित होकर रोजगार मेले का लाभ ले सकते हैं।
विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर
सुरुचि होजरी एंड इलास्टिक प्राइवेट लिमिटेड, बुटीबोरी नागपुर में सुपरवाइजर, लूम मशीन ऑपरेटर एवं अप्रेन्टिसशिप के पदों के लिए 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की आवश्यकता है। चयनित अभ्यर्थियों को ₹14,000 से ₹17,000 प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित है।
सागर मैन्युफैक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड, ओबेदुल्लागंज में मशीन ऑपरेटर एवं अप्रेन्टिसशिप के पदों के लिए 12वीं, स्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। वेतन ₹10,000 से ₹15,000 प्रतिमाह तथा आयु सीमा 18 से 30 वर्ष है।
आयशर कंपनी ट्रक एंड बस प्राइवेट लिमिटेड, पीथमपुर में मैकेनिक पद के लिए 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई/डिप्लोमा योग्यता वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। वेतन ₹12,425 से ₹16,000 प्रतिमाह तथा आयु सीमा 18 से 28 वर्ष निर्धारित है।
भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), छिंदवाड़ा द्वारा केवल महिलाओं के लिए बीमा सखी पद पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं/12वीं उत्तीर्ण महिला अभ्यर्थी पात्र होंगी। मानदेय/वेतन ₹7,000 तथा आयु सीमा 18 से 70 वर्ष है।
हनु सिक्योरिटी सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, छिंदवाड़ा में सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के पदों के लिए 8वीं, 10वीं, 12वीं एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। वेतन ₹8,000 से ₹17,000 प्रतिमाह तथा आयु सीमा 18 से 50 वर्ष निर्धारित है।
सतीजा मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, छिंदवाड़ा में सेल्स पद के लिए 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। वेतन ₹8,000 से ₹9,000 प्रतिमाह तथा आयु सीमा 18 से 30 वर्ष है।
जिला रोजगार कार्यालय ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शासकीय आईटीआई छिंदवाड़ा पहुंचकर रोजगार मेले में सहभागी बनें और उपलब्ध रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसरों का लाभ उठाएं।
