श्री राम मंदिर से निकलेगी भगवान महाकाल की भव्य पालकी यात्रा, शस्त्र प्रदर्शन और झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
श्री राम मंदिर से निकलेगी भगवान महाकाल की भव्य पालकी यात्रा, शस्त्र प्रदर्शन और झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण


छिंदवाड़ा। शहर के हृदय स्थल छोटी बाजार स्थित श्री सत्यधर्म मंडल द्वारा संचालित श्री राम मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में श्रावण मास के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 25 अगस्त, मंगलवार को भगवान भोलेनाथ की भव्य पालकी शोभायात्रा का गरिमामय आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य शोभायात्रा में बाजे, ढोल-ताशे और डीजे की सुमधुर ध्वनि के साथ भगवान महाकालेश्वर, त्र्यंबकेश्वर एवं पशुपतिनाथ जी की अलौकिक एवं दिव्य झांकियां भक्तों के दर्शनार्थ शामिल रहेंगी।
सत्यधर्म मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री मुकुल सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत कई वर्षों से अनवरत चली आ रही इस परंपरा का निर्वाह मंडल द्वारा लगातार किया जा रहा है। इस वर्ष शोभायात्रा में भगवान की भव्य पालकी के साथ-साथ श्री गप्तु उस्ताद बड़ी माता व्यायामशाला के कुशल प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षित नवशिक्षित बालक-बालिकाओं का साहसिक शस्त्र प्रदर्शन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा।
ट्रस्ट के सचिव सतीश दुबे (लाल जी) ने बताया कि यह शोभायात्रा 25 अगस्त, मंगलवार को दोपहर 2 बजे श्री राम मंदिर, छोटी बाजार से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए छोटा तालाब पहुंचेगी, जहां इसका विधि-विधान से समापन होगा। समापन स्थल छोटा तालाब पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं रुद्राक्ष वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। श्री सत्यधर्म मंडल श्री राम मंदिर ट्रस्ट ने समस्त नगरवासियों, माताओं-बहनों और धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस भव्य एवं दिव्य पालकी यात्रा में सम्मिलित होकर भगवान शिव का आशीर्वाद और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default