सांसद ने सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से किया संवाद, समस्याएं सुनीं
बच्चों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
छिंदवाड़ा। सांसद बंटी विवेक साहू ने तामिया स्थित सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं और विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से संवाद किया। सांसद ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याएं भी सुनीं तथा विद्यालय प्रबंधन को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
सांसद बंटी विवेक साहू ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से आदिवासी एवं ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे मन लगाकर और पूरी मेहनत के साथ पढ़ाई करें तथा जीवन में उत्कृष्ट स्थान हासिल करें। सांसद ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान सांसद ने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं की बैठक लेकर विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए।
बच्चों के साथ किया पौधरोपण, संरक्षण का दिलाया संकल्प
विद्यालय निरीक्षण के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने विद्यार्थियों के साथ विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा हम सभी का नैतिक दायित्व है। स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी और हरा-भरा पर्यावरण हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। सांसद ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब हम पौधों की देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखें। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण के प्रति जागरूक रहकर आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ एवं सुंदर पृथ्वी देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर तामिया जनपद अध्यक्ष तुलसा परतेती, भाजपा के वरिष्ठ नेता रोहित पोफली, रिजवान कुरैशी, विशवेन्द्र बैस, दयाराम इरपाची, पवन बंजारा, नितेश पटेल, विनोद अग्रवाल, वतन उपाध्याय, किरण वाजपेयी, गोपाल साहू, यशवंत कौरव, जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री राजनंदनी ठाकुर, उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा के पूर्व प्राचार्य एवं सेवानिवृत्त अवधूत काले सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा सांदीपनि विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
