छिंदवाड़ा। शिवपुरी बी-टाइप निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबा शुक्ला का खिरसाडोह में हुई सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से भाजपा परिवार सहित क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने बाबा शुक्ला के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बाबा शुक्ला का असामयिक निधन भाजपा परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते रहे और अपने सरल, सहज एवं मिलनसार व्यक्तित्व के कारण सभी के बीच विशेष स्थान रखते थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख की घड़ी में संबल एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
