छिंदवाड़ा, 18 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक दो सत्रों में आयोजित की गई, जिसमें सड़क, पुल, भवन तथा अन्य निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के प्रथम सत्र में लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण विभाग, एम.पी. रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन सड़कों और पुलों की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं दूसरे सत्र में म.प्र. भवन विकास निगम, लोक निर्माण विभाग (भवन) तथा स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन भवनों एवं अन्य कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री नारायन ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गति लाते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर ठेकेदारों के साथ-साथ संबंधित निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत पूर्ण हो चुके उप स्वास्थ्य केंद्रों में रंग-रोगन, साफ-सफाई और परिसर विकास के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि इन भवनों को जल्द से जल्द आमजन के उपयोग के लिए शुरू किया जा सके।
बैठक में सड़क, भवन एवं अन्य निर्माण संबंधी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
