छिंदवाड़ा, 18 अगस्त 2026। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों को उनके गृह जिले में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ECHS Polyclinic Type ‘E’, जबलपुर की मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) ने 17 और 18 अगस्त को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, छिंदवाड़ा का दौरा किया।
यह मोबाइल मेडिकल यूनिट ब्रिगेडियर दिनेश कुमार जांघू, स्टेशन कमांडर एवं कर्नल बिजेंद्र सिंह, प्रभारी अधिकारी ECHS के मार्गदर्शन में संचालित की गई। यूनिट में चिकित्सक डॉ. शिवम् खेत्रपाल सहित तीन मेडिकल अटेंडेंट शामिल रहे।
इस दौरान जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के सभाकक्ष में कुल 27 पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। जिले में ही ECHS की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से लाभार्थियों को काफी सुविधा मिली।
पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिट की सेवाएं शुरू की गई हैं। इसके माध्यम से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि लाभार्थियों को चिकित्सा सेवाओं के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम हो।
