कक्षा 10वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों से सहज संवाद कर जानी रुचि और भविष्य की योजनाएं
“खूब किताबें पढ़ें और लगातार अपना ज्ञान बढ़ाते रहें” : कलेक्टर श्री नारायन
एसपी श्री पाण्डेय ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के प्रति किया जागरूक
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बादगांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कक्षा 10वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों से सहज एवं आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचि, पसंदीदा विषयों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर श्री नारायन ने विद्यार्थियों की यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय और सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करें
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता को पहचानें तथा उसी के अनुरूप भविष्य का लक्ष्य निर्धारित करें। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा, “खूब किताबें पढ़ें और लगातार अपना ज्ञान बढ़ाते रहें।” उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल पाठ्यक्रम की पुस्तकों तक सीमित न रहें, बल्कि सामान्य ज्ञान, विज्ञान, इतिहास, भूगोल, समसामयिक विषयों, साहित्य एवं अन्य ज्ञानवर्धक पुस्तकों का भी अध्ययन करें। पढ़ने की आदत ज्ञान बढ़ाने के साथ विचारों और व्यक्तित्व को भी समृद्ध करती है।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने और दैनिक जीवन में पढ़ाई के लिए नियमित समय निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र से ही अच्छी आदतें विकसित कर लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
विद्यार्थियों की रुचि जानकर दिया मार्गदर्शन
संवाद के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने विद्यार्थियों से जाना कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं और किन क्षेत्रों में उनकी विशेष रुचि है। विद्यार्थियों ने अपनी पसंद एवं भविष्य की योजनाओं को साझा किया। कलेक्टर ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए लक्ष्य के अनुरूप तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निरंतर प्रक्रिया है। इसके लिए नियमित अध्ययन, विषयों की बेहतर समझ, समाचार एवं समसामयिक घटनाओं की जानकारी तथा ज्ञान का निरंतर विस्तार जरूरी है। विद्यार्थियों को इंटरनेट पर उपलब्ध उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक शैक्षणिक सामग्री का भी सदुपयोग करने की सलाह दी गई।
एसपी श्री पाण्डेय ने दी साइबर सुरक्षा की जानकारी
विद्यालय निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें इंटरनेट के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए विद्यार्थियों और उनके परिजनों को सतर्क रहने की समझाइश दी।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट शिक्षा और ज्ञान प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन इसका उपयोग सावधानी के साथ किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों को अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन संपर्क करते समय सतर्क रहने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।
एसपी ने विशेष रूप से पासवर्ड, ओटीपी एवं अन्य संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर निजी फोटो, मोबाइल नंबर, पता आदि सार्वजनिक करने से बचने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और सतर्कता है। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना दें।
डिजिटल साधनों का उपयोग लक्ष्य के अनुरूप करें : सीईओ जिला पंचायत
सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार ने विद्यार्थियों से कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थी ऑनलाइन उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री का लाभ उठाएं, लेकिन सोशल मीडिया एवं अनावश्यक ऑनलाइन गतिविधियों में समय बर्बाद करने से बचें।
उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल साधनों का उपयोग सोच-समझकर और सकारात्मक उद्देश्यों के लिए करने तथा अपनी पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
अधिकारियों से संवाद कर विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
कलेक्टर श्री नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय एवं सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार के सहज संवाद से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने अपने अनुभव और मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति गंभीरता से तैयारी करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय निरीक्षण एवं संवाद के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, करियर मार्गदर्शन और सुरक्षित डिजिटल भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर एसडीएम चौरई श्री प्रभात मिश्रा, एसडीओपी सुश्री भारती जाट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
