नवांकुर सखी हरियाली यात्रा संपन्न, पौधों का वितरण कर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
नवांकुर सखी हरियाली यात्रा संपन्न, पौधों का वितरण कर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत करंज का पौधारोपण

छिंदवाड़ा, 17 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन एवं विकासखंड समन्वयक श्री दीपक गेडाम की उपस्थिति में विकासखंड बिछुआ के सेक्टर क्रमांक-3 खमारपानी अंतर्गत ग्राम सिरेपानी में तिरंगा यात्रा एवं नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नवांकुर संस्था ज्ञान मल्टीपरपस वेलफेयर सोसायटी डोकलीकला द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम सिरेपानी प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर सखियों को फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का वितरण किया गया। इनमें आम, अमरूद, इमली, जामुन, भेड़, अर्जुन, करंज, तुलसी, नींबू एवं आंवला के पौधे प्रमुख रहे। उपस्थित लोगों को पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल भी जरूरी है। नवांकुर सखियों से अपील की गई कि वे अपने लगाए पौधों की उसी तरह देखभाल करें, जैसे एक मां अपने बच्चे की करती है।

बच्चों को पर्यावरण के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि पेड़-पौधे स्वच्छ वायु, वर्षा, फल, औषधि और स्वस्थ वातावरण के आधार हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

‘एक पेड़ मां के नाम’ का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान शाला परिसर में करंज का पौधा रोपित कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। संस्था द्वारा ग्रामीणों एवं बच्चों से आह्वान किया गया कि पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी लें, ताकि आज लगाया गया पौधा भविष्य में एक मजबूत वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को लाभ पहुंचा सके।

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री संदीप रघुवंशी, श्री राम सिंह पटेल, सरपंच श्रीमती प्रीति लक्ष्मीदास उईके, विकासखंड समन्वयक श्री दीपक गेडाम सहित जन अभियान परिषद के सदस्य, स्वास्थ्य एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं नवांकुर सखियां उपस्थित रहीं।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default