धसनवाड़ा में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा आयोजित

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
धसनवाड़ा में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा आयोजित

नवांकुर सखियों को फलदार पौधों का वितरण, तिरंगा यात्रा में ग्रामीणों ने लिया उत्साह से भाग

छिंदवाड़ा, 17 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक सुश्री वंदना राकेशिया की उपस्थिति में विकासखंड अमरवाड़ा के ग्राम धसनवाड़ा में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान नवांकुर सखियों को फलदार पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की आवश्यकता है। अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने से आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, पर्याप्त जल और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। विकासखंड समन्वयक सुश्री वंदना राकेशिया ने नवांकुर सखी कार्यक्रम की कार्ययोजना एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।

तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का उत्साह

80वें स्वतंत्रता दिवस के पूर्व हाईस्कूल परिसर धसनवाड़ा से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, नवांकुर संस्था, प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर सखियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा के बाद नवांकुर सखी महिलाओं को फलदार पौधे वितरित किए गए। इस दौरान पौधों की नियमित देखभाल एवं प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता श्री अशोक डेहरिया, नवांकुर संस्था उग्र प्रभा जनकल्याण समिति के अध्यक्ष श्री नीलेश डेहरिया, स्वामी विवेकानंद ग्रामोत्थान के अध्यक्ष श्री सूरसिंह वर्मा, सचिव श्री संजय साहू, मेंटर श्री राजकुमार मालवी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष श्री मिथलेश डेहरिया, प्राचार्य श्री एच.आर. मसराम सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, समिति सदस्य, नवांकुर सखियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default