महिलाओं को सीड बॉल का वितरण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
छिंदवाड़ा, 17 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड छिंदवाड़ा के अंतर्गत सेक्टर क्रमांक-5 की नगर विकास प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर संस्था पंचरत्न शिक्षा विकास समिति के तत्वावधान में शहर के वार्ड क्रमांक 37 चंदनगांव एवं वार्ड क्रमांक 26 में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन, परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी सहित समिति पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान पर्यावरण मित्रों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
हरियाली यात्रा में सीड बॉल का वितरण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रस्फुटन समिति द्वारा तैयार सीड बॉल नवांकुर संस्था के माध्यम से उपस्थित पर्यावरण हितैषियों को वितरित की गईं। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उपयोगी नवाचार बताया।
जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने वृक्षों के सामाजिक, पर्यावरणीय एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्ष जीवन और प्रकृति के अभिन्न अंग हैं। उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पर्यावरणविद् श्री विनोद तिवारी ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने पौधे लगाने के साथ उनकी निरंतर देखभाल करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान हर घर तिरंगा, नशामुक्ति एवं स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष शीतल बोनिया, सचिव श्री प्रवीण कुमार सहित समिति के सदस्य, महिलाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
