ग्राम बादगांव एवं चंदनगांव में अधिकारी सुनेंगे आमजन की समस्याएं, जनसंवाद कार्यक्रम भी होगा आयोजित

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
ग्राम बादगांव एवं चंदनगांव में अधिकारी सुनेंगे आमजन की समस्याएं, जनसंवाद कार्यक्रम भी होगा आयोजित

छिंदवाड़ा, 20 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण तथा शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 21 अगस्त 2026 को चौरई विकासखंड के ग्राम बादगांव एवं चंदनगांव में विशेष जन-समस्या निवारण शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं को सुनेंगे और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक पहल की जाएगी।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय भ्रमण, निरीक्षण एवं जनसंवाद के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा एवं मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।

अभियान के दौरान लोक सेवाओं का निर्धारित समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रत्येक शुक्रवार अधिकारी मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं तथा मौके पर प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान के माध्यम से शासन और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों से अपील की गई है कि वे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें और उपलब्ध शासकीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default