राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का उत्सव बना ‘हर घर तिरंगा’ अभियान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का उत्सव बना ‘हर घर तिरंगा’ अभियान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल/छिंदवाड़ा, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर सशक्त और सामर्थ्यशाली राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वर्ष 2047 में आजादी की शताब्दी पूर्ण होने तक भारत को विकसित, शक्तिशाली और अग्रणी राष्ट्र बनाने का संकल्प है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शौर्य स्मारक में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और युवा देश है। देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की शक्ति का ही परिणाम है कि सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाला व्यक्ति अपनी क्षमता और योग्यता के बल पर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है।

हर घर तिरंगा बना राष्ट्रभक्ति का पर्व

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान’ चलाया जा रहा है। पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्राओं के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का उत्साह और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। यह अभियान अब राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी के उत्सव का रूप ले चुका है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाने तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण करने का आह्वान किया।

प्रवासी सेनानी वीथि का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शौर्य स्मारक स्थित भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके बाद उन्होंने ‘प्रवासी सेनानी वीथि’ का लोकार्पण कर उसका अवलोकन किया। यह वीथि भारत की स्वतंत्रता के संघर्ष, बलिदान और गौरवगाथा में प्रवासी भारतीयों के योगदान को समर्पित है।

मुख्यमंत्री ने शौर्य स्मारक में भारत विभाजन विभीषिका पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

पुलिस की तिरंगा बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शौर्य स्मारक से मध्यप्रदेश पुलिस के जांबाज जवानों की तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान देशभक्ति और जनसेवा की भावना के साथ राजधानी भोपाल में तिरंगा यात्रा निकालकर नागरिकों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेंगे।

विभाजन की त्रासदी से सीख लेकर एकता का संकल्प लें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विभाजन विभीषिका दिवस वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान हुई भीषण त्रासदी और उससे उपजी पीड़ा की याद दिलाता है। विभाजन के कारण लाखों परिवारों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा और उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि इतिहास की इस पीड़ादायक घटना से सीख लेते हुए हमें एकता, भाईचारे और अखंड राष्ट्रीय भावना को और मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। देश में भविष्य में कभी ऐसी परिस्थितियां निर्मित न हों, यही हमारी कामना है।

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव संस्कृति एवं पर्यटन श्री शिवशेखर शुक्ला, एनसीसी कैडेट्स, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default