तामिया की प्राकृतिक खूबसूरती को तस्वीरों के माध्यम से दुनिया तक पहुंचाने का अवसर
छिंदवाड़ा, 15 अगस्त 2026। तामिया की प्राकृतिक सुंदरता, मानसूनी सौंदर्य, जलप्रपात, घने जंगल, स्थानीय जनजीवन, संस्कृति, होमस्टे और पर्यटन अनुभवों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, जिला छिंदवाड़ा द्वारा ‘डिस्कवर तामिया-2026’ फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता 21 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले तामिया सावन महोत्सव का हिस्सा है। प्रतियोगिता के लिए पंजीयन 15 अगस्त से शुरू हो गया है।
‘नेचर-लाइफ-कल्चर-स्टे-मानसून’ रखी गई थीम
प्रतियोगिता की थीम “नेचर - लाइफ - कल्चर - स्टे - मानसून” रखी गई है। इसके माध्यम से फोटोग्राफी प्रेमियों, युवाओं, पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों को तामिया के अनदेखे और खूबसूरत पहलुओं को कैमरे या मोबाइल के माध्यम से सामने लाने का अवसर मिलेगा।
21 अगस्त तक कर सकेंगे सहभागिता
प्रतियोगिता के लिए पंजीयन एवं इंस्टाग्राम पर फोटो पोस्ट करने की अवधि 15 से 21 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को गूगल फॉर्म के माध्यम से आवश्यक जानकारी भरकर अपनी प्रविष्टि दर्ज करनी होगी।
प्रतिभागी अपनी फोटो इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते हुए आधिकारिक हैशटैग #DiscoverTamia2026 का उपयोग करेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी अधिकतम तीन फोटो प्रस्तुत कर सकता है।
तस्वीर के साथ बतानी होगी तामिया की कहानी
प्रतियोगिता में केवल खूबसूरत तस्वीर को ही नहीं, बल्कि उससे जुड़ी कहानी और स्थान को भी महत्व दिया जाएगा। प्रत्येक फोटो के साथ लोकेशन तथा 1-2 पंक्तियों का संक्षिप्त विवरण देना अनिवार्य होगा।
फोटो प्रतिभागी द्वारा स्वयं खींची गई और तामिया अथवा तामिया क्षेत्र की होना आवश्यक है। एआई से बनाई गई, इंटरनेट से ली गई अथवा किसी अन्य फोटोग्राफर की तस्वीरें स्वीकार नहीं की जाएंगी।
फोटो में क्रॉप, एक्सपोजर, कलर करेक्शन, कॉन्ट्रास्ट और ब्लैक एंड व्हाइट जैसी बेसिक एडिटिंग की अनुमति रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर आयोजक प्रतिभागी से फोटो की ओरिजिनल फाइल प्रस्तुत करने के लिए कह सकते हैं।
आकर्षक पुरस्कार और विशेष सम्मान
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹2,500, द्वितीय पुरस्कार ₹1,500 और तृतीय पुरस्कार ₹1,000 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा सर्वाधिक लाइक एवं शेयर वाली पोस्ट को ‘पीपुल्स चॉइस अवॉर्ड’ तथा एक उत्कृष्ट प्रविष्टि को ‘हिडन तामिया स्पेशल अवॉर्ड’ प्रदान किया जाएगा।
प्रविष्टियों की समीक्षा एवं विजेताओं की घोषणा 22 अगस्त 2026 को की जाएगी। पुरस्कार वितरण समारोह 23 अगस्त 2026 को तामिया में सावन महोत्सव के समापन अवसर पर आयोजित होगा। सभी प्रविष्टियों का मूल्यांकन जिला प्रशासन द्वारा गठित ज्यूरी करेगी और ज्यूरी का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।
ऐसे करें पंजीयन
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रतिभागी गूगल फॉर्म भर सकते हैं:
Google Form: bit.ly/Tamia2026
प्रतियोगिता के पंजीयन अथवा सहभागिता से संबंधित सहायता के लिए 9424817054, 9406544945 और 9131148171 पर संपर्क किया जा सकता है।
आयोजकों ने जिले के फोटोग्राफर्स, युवाओं, पर्यटकों एवं प्रकृति प्रेमियों से अपील की है कि वे अपने कैमरे या मोबाइल में कैद तामिया के खूबसूरत पलों को साझा करें और तामिया की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने में सहभागी बनें।
