भोपाल/छिंदवाड़ा, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देशभर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और उमंग का वातावरण है। तिरंगा देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनकर हर ओर दिखाई दे रहा है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और पराक्रम से देश को आजादी मिली, जिसे राष्ट्र सदैव स्मरण करता रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अपनी सामर्थ्य सिद्ध कर रहा है। मध्यप्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उद्योग, व्यापार और रोजगार के विस्तार से मध्यप्रदेश को समृद्ध और सामर्थ्यशाली बनाने का लक्ष्य है।
छह जिलों को मिलाकर बनेगी भोपाल मेट्रोपॉलिटन सिटी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि भोपाल और इंदौर के आसपास के क्षेत्रों को शामिल कर दो मेट्रोपॉलिटन सिटी विकसित की जा रही हैं। भोपाल को छह जिलों को मिलाकर मेट्रोपॉलिटन सिटी का स्वरूप दिया जाएगा। इससे राजधानी भोपाल का गौरव और महत्व और अधिक बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की विशाल तिरंगा यात्रा को शौर्य स्मारक तिराहे पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक श्री भगवानदास सबनानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विभाजन विभीषिका के पीड़ितों को किया नमन
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान अपना घर-बार, जमीन-जायदाद और सब कुछ छोड़कर कठिन परिस्थितियों का सामना करने वाले परिवारों को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
उन्होंने कहा कि विभाजन के कारण बड़ी संख्या में सिख, पंजाबी और सिंधी परिवारों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा। अपनी संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए किए गए उनके त्याग और संघर्ष को देश कभी नहीं भूल सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी कामना है कि भारत की सांस्कृतिक धारा पुनः एक हो और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता और मजबूत बने।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, वरिष्ठजन, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। देशभक्ति गीतों और भारत माता की जय के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान रहा। यात्रा शौर्य स्मारक तिराहे से भारत माता चौराहा (डिपो चौराहा) के लिए रवाना हुई। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
