मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियानमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में टीकमगढ़ के शिकायतकर्ताओं से किया संवादजिला पंजीयक सहकारिता को निलंबित करने के निर्देश

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में टीकमगढ़ के शिकायतकर्ताओं से किया संवाद जिला पंजीयक सहकारिता को निलंबित करने के निर्देश
भोपाल/छिंदवाड़ा/.   मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में टीकमगढ़ जिले के सीएम हेल्पलाइन शिकायतकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिला पंजीयक सहकारिता श्री एस.के. कौशिक को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

यह कार्रवाई श्री दयाराम लोधी की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी मां स्वर्गीय रानीबाई के निधन के बाद सहकारी बैंक की मवई शाखा द्वारा नॉमिनी के खाते में राशि अंतरित नहीं की गई। प्रकरण में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण करें और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। स्थानीय स्तर पर प्राप्त जन शिकायतों का समय-सीमा में प्रभावी एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र विशेष में लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों का भी गंभीरता से परीक्षण कर उनके स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं श्री महेश प्रसाद लोधी, श्री कमलेश नामूलिया, श्री दयाराम लोधी, श्री कालीचरण सिंह राजपूत एवं श्री हरिराम विश्वकर्मा से संवाद कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के प्रभावी निराकरण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

डॉ. यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा।

कार्यक्रम के दौरान जिले में संचालित विभिन्न शासकीय उचित मूल्य दुकानों के वास्तविक एवं निर्धारित स्थानों पर संचालन सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, पूर्व राज्यमंत्री एवं जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक, मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, आयुक्त जनसंपर्क श्री मनीष सिंह, कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default