प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर तहसीलदार लखनादौन, सीएमओ एवं सब इंजीनियर को नोटिस के निर्देश
सिवनी। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित हुई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें कलेक्टर के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 180 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में लखनादौन के बराती लाल, प्रीतम एवं कालीचरण सहित अन्य आवेदक पट्टा दिलाए जाने की मांग लेकर पहुंचे। कलेक्टर श्रीमती मीना ने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्या जानी और प्रकरण में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। स्थानीय स्तर पर समस्या का निराकरण नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तहसीलदार लखनादौन को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम लखनादौन को प्रकरण का परीक्षण कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर पूर्व में की गई शिकायत पर संज्ञान नहीं लिए जाने का मामला भी जनसुनवाई में सामने आया। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगरपालिका सिवनी एवं संबंधित सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण कर शिकायत पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सिवनी विकासखंड के लखनवाड़ा निवासी जगन्नाथ बघेल ने नहर में अत्यधिक पानी आने से खेत की फसल नष्ट होने तथा कुआं क्षतिग्रस्त होने की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को आवश्यक जांच कर वस्तुस्थिति का परीक्षण करने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
केवलारी निवासी शिवकुमारी उइके ने संबल योजना का लाभ दिलाए जाने की मांग को लेकर आवेदन दिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवेदिका की पात्रता का परीक्षण करने तथा पात्रता अनुसार योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
केवलारी के अर्जुनझिर निवासी जाहिद मोहम्मद बकरी पालन के लिए बैंक से ऋण दिलाए जाने की मांग लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। कलेक्टर ने उप संचालक पशुपालन विभाग को आवेदक की पात्रता का परीक्षण कर नियमानुसार योजना का लाभ दिलाते हुए प्रकरण बैंक को भेजने के निर्देश दिए, जिससे आवेदक को स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा प्राप्त हो सके।
घंसौर निवासी रूपलाल नेवले ने माता की मृत्यु के पश्चात बैंक से बीमा राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत प्रस्तुत की। इस पर कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर प्रकरण की जांच कराने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बरघाट विकासखंड के मेहराबोडी निवासी रोहित कोसरे ने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बरघाट को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
केवलारी के सोनाडोंगरी निवासी किशोर सेन ने व्यापारी को बेचे गए गेहूं की राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत की। कलेक्टर ने मंडी सचिव को मामले की जांच करने तथा संबंधित पक्ष से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निराकरण किया जाए तथा अन्य प्रकरणों में संबंधित विभागों से समन्वय कर आवेदकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है, इसलिए किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर श्री नीलमणी अग्निहोत्री सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
