मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम में मध्यप्रदेश की विकास और निवेश संभावनाओं पर संवाद

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम में मध्यप्रदेश की विकास और निवेश संभावनाओं पर संवाद

‘एमपी : अनलॉकिंग द हार्ट ऑफ इंडिया’ विषय पर फायरसाइड चैट में रखेंगे राज्य की विकास गाथा

टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश और एकीकृत वैल्यू चेन की संभावनाओं पर भी होगा मंथन

भोपाल/छिंदवाड़ा/ नई दिल्ली में 21 और 22 अगस्त को आयोजित ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम-2026 में मध्यप्रदेश की विकास संभावनाओं, निवेश अवसरों और औद्योगिक क्षेत्र में राज्य की नई दिशा पर विशेष चर्चा होगी। देश-दुनिया के प्रमुख उद्योगपतियों, नीति-निर्माताओं और वैश्विक विशेषज्ञों की सहभागिता वाले इस प्रतिष्ठित मंच पर मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

फोरम के दूसरे दिन 22 अगस्त को ‘एमपी : अनलॉकिंग द हार्ट ऑफ इंडिया’ विषय पर विशेष फायरसाइड चैट आयोजित होगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश की आर्थिक एवं औद्योगिक विकास यात्रा, निवेश की संभावनाओं तथा प्रदेश को देश के प्रमुख विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने के प्रयासों पर विचार साझा करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस मंच के माध्यम से मध्यप्रदेश में निवेश के अनुकूल वातावरण, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी उद्योग जगत के प्रतिनिधियों एवं संभावित निवेशकों को देंगे।

टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर होगा विशेष सत्र

ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम में मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल क्षेत्र को भी विशेष स्थान दिया गया है। 22 अगस्त को ‘वीविंग द फ्यूचर : बिल्डिंग एन इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल वैल्यू चेन इन एमपी’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित होगा।

इस सत्र में उद्योग सचिव जॉन किंग्सली, ओरिएंट क्राफ्ट के संस्थापक सुधीर धींगरा तथा पीडब्ल्यूसी इंडिया के श्री रानेन बनर्जी सहित अन्य विशेषज्ञ सहभागिता करेंगे। सत्र में मध्यप्रदेश में एकीकृत टेक्सटाइल वैल्यू चेन के विकास, उद्योगों के विस्तार और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

वैश्विक आर्थिक परिदृश्य और नए अवसरों पर मंथन

फोरम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वैश्विक पूंजी, नई अर्थव्यवस्था, ऊर्जा संक्रमण, व्यापार एवं आपूर्ति श्रृंखला, भारत-अमेरिका संबंध और वैश्विक निवेश जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विभिन्न सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम-2026 मध्यप्रदेश के लिए अपनी निवेश क्षमता, औद्योगिक अवसरों और विभिन्न क्षेत्रों की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक उद्योग जगत के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default