मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीकमगढ़ में आंगनवाड़ी केंद्र और जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीकमगढ़ में आंगनवाड़ी केंद्र और जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

लाड़ली बहनों और बेटियों ने रक्षासूत्र बांधकर किया आत्मीय स्वागत

मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलारा, नन्हीं बालिका वैष्णवी का कराया अन्नप्राशन

जिला अस्पताल में मरीजों से मिले, स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को टीकमगढ़ प्रवास के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र तखा और डॉ. राजेंद्र प्रसाद जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचने पर लाड़ली लक्ष्मी बेटियों, लाड़ली बहनों और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाओं ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें रक्षासूत्र बांधा। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को भेंट स्वरूप साड़ी, श्रृंगार सामग्री और छाता प्रदान किया।

बच्चों से संवाद कर जाना नाश्ता और भोजन का हाल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की और उन्हें गुलाब के फूल दिए। उन्होंने बच्चों से पूछा कि उन्हें खाने में क्या मिलता है। बच्चों ने मासूमियत से जवाब दिया—“नाश्ता और खाना।” मुख्यमंत्री ने बच्चों से पूछा कि वे नाश्ता और खाना खाते हैं या नहीं, जिस पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक “हां” कहा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक नाश्ता और भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बच्चों और गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए शुद्ध पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र की रसोई का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नन्हीं बालिका वैष्णवी का कराया अन्नप्राशन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नन्हीं बालिका वैष्णवी को अपने हाथों से खीर खिलाकर उसका अन्नप्राशन कराया। उन्होंने बालिका को उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की देखभाल और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने तखा में उपस्थित नागरिकों का अभिवादन किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीकमगढ़ स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद जिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के ओपीडी पंजीयन काउंटर, चिकित्सकों के कक्ष, लैब, ब्लड सैंपल सेंटर और ट्रॉमा सेंटर के इमरजेंसी वार्ड सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने सर्पदंश और सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनके परिजनों से भी चर्चा की। उन्होंने चिकित्सालय के पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया और वहां भर्ती बच्चों को ‘सेहत की टोकरी’ वितरित की।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्ध-घुमक्कड़ कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता सिंह, श्रीमती सरोज राजपूत, जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक, पूर्व राज्य मंत्री श्री राहुल सिंह, पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री राकेश गिरि, पूर्व विधायक श्री अजय यादव, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डॉ. शिशुपाल यादव, जिला पंचायत सदस्य श्री बृजेन्द्र सिंह यादव, डॉ. अभय प्रताप सिंह, श्री विवेक चतुर्वेदी, सांसद प्रतिनिधि श्री अनुराग वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default