सीएम जन-विश्वास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के दिए निर्देश
छिन्दवाड़ा, 17 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित शिकायतों का गंभीरता से और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने की आवश्यकता ही न पड़े।
कलेक्टर ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बीतने के बाद भी ऑनलाइन पोर्टल पर जवाब दर्ज नहीं करने वाले अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
21 अगस्त को बादगांव में लगेगा सीएम जन-विश्वास शिविर
कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत निर्धारित रोस्टर के अनुसार आगामी क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम 21 अगस्त को चौरई विकासखंड के बादगांव में आयोजित होगा। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिविर से पहले अधिकारी अपने विभाग से संबंधित संस्थाओं का निरीक्षण कर परख ऐप पर ऑनलाइन निरीक्षण प्रतिवेदन दर्ज करें। एसडीएम एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
लोक सेवा केंद्रों में लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण
कलेक्टर ने लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाओं की सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रदायगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रकरण समय-सीमा बाह्य नहीं होना चाहिए। जिला प्रबंधक लोक सेवा केंद्रों को औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की निगरानी करने तथा लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एनएचएआई और आरटीओ की कार्रवाई की समीक्षा
समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने एनएचएआई एवं आरटीओ द्वारा पिछले एक सप्ताह में की गई कार्रवाई की जानकारी ली। एनएचएआई द्वारा मुख्य मार्गों पर खड़े बड़े वाहनों के विरुद्ध 16 चालानी कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई।
कलेक्टर ने यात्री बसों के साथ स्कूल बसों तथा बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की नियमित और गंभीरता से जांच जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने साप्ताहिक कार्रवाई की जानकारी प्रत्येक टीएल बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।
जरूरतमंद परिवारों को समय पर मिले अंत्येष्टि सहायता
संबल योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सीईओ जनपद पंचायत एवं सीएमओ को संबल योजना से संबंधित अपील और रिप्रोसेसिंग के प्रकरण लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से पंजीकृत श्रमिक की मृत्यु होने पर उसके परिजनों को समय पर अंत्येष्टि सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिक की मृत्यु के एक माह के भीतर परिजनों से आवेदन करवाना संबंधित सचिव और जीआरएस की जिम्मेदारी है। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, शासन की प्राथमिकताओं तथा अन्य समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि एसडीएम एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
