इंदौर की नवाचार और विकास की पहल को सराहा, मंत्रियों एवं स्कूली बच्चों के साथ 14-डी और 360 डिग्री थिएटर का लिया अनुभव
भोपाल/छिंदवाड़ा/16 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर स्थित कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में देश के पहले वर्चुअल चिड़ियाघर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने करीब 4.5 करोड़ रुपये की लागत से पीपीपी मॉडल पर निर्मित 14-डी सिनेमा थिएटर एवं वर्चुअल जंगल सफारी का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “इंदौर जो भी करता है, सबसे बेहतर और अलग करता है।” इंदौर लगातार नवाचार और विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्चुअल जंगल सफारी आमजन, विशेषकर बच्चों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी। इसके माध्यम से लोग जंगल और वन्यजीवों का आभासी अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। इससे नगर निगम को आय का एक नया स्रोत भी प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्कूली बच्चों के साथ 14-डी सिनेमा थिएटर में बैठकर फिल्म का आनंद लिया। फिल्म देखने के बाद उन्होंने कहा कि दोनों फिल्मों को देखकर उन्हें अद्भुत आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने वर्चुअल जंगल सफारी का अवलोकन कर उसकी तकनीकी विशेषताओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर फव्वारे का शुभारंभ किया तथा एक्वेरियम में मौजूद रंग-बिरंगी मछलियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्राणी संग्रहालय में विकसित की गई नवीन सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक से विकसित ये सुविधाएं शहरवासियों, बच्चों और पर्यटकों को मनोरंजन के साथ-साथ वन्यजीवों एवं प्रकृति को समझने का नया अनुभव प्रदान करेंगी।
वर्चुअल जंगल सफारी के माध्यम से दर्शक अत्याधुनिक तकनीक के जरिए जंगल के वातावरण और वन्यजीवों के बीच होने जैसा अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। वहीं 14-डी थिएटर में विशेष प्रभावों के माध्यम से फिल्म देखने का अनुभव और अधिक रोमांचक बनाया गया है।
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री महेंद्र हार्डिया, श्री मधु वर्मा, श्री सावन सोनकर, श्री सुमित मिश्रा, श्री गौरव रणदिवे, एमआईसी सदस्य श्री नंदकिशोर पहाड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
