UP से खरीदे अवैध हथियार लेकर छिंदवाड़ा पहुंचे थे आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
सच की आंखे छिंदवाड़ा। देहात पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को देशी पिस्टल, एक छुरे वाली पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की कार क्रमांक CG04-DY-4001 भी जब्त की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने करीब एक साल पहले उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी से 55 हजार रुपये में पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ छिंदवाड़ा जिले के अलग-अलग थानों में पूर्व से भी कई अपराध दर्ज होना बताया गया है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की कार में सवार दो युवक अवैध हथियार लेकर किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल, एक छुरे वाली पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास (25) निवासी कंकड़ीढाना, थाना मोहखेड़, हाल गुलाबरा गली नंबर-15, थाना कोतवाली तथा मिथुन (31) निवासी अतरिया, थाना देहात, जिला छिंदवाड़ा के रूप में बताई गई है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना देहात, थाना कुंडीपुरा, थाना मोहखेड़ और थाना कोतवाली में पूर्व से अपराध दर्ज हैं। हथियारों की खरीद-फरोख्त के स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस अब उत्तर प्रदेश के उस व्यापारी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिससे हथियार खरीदे जाने की बात सामने आई है। कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की गई है।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default