जमीन सीमांकन, अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास, बिजली-पानी और आर्थिक सहायता से जुड़े पहुंचे आवेदन; कई प्रकरण समय-सीमा में समीक्षा के लिए चिन्हित
छिंदवाड़ा। राज्य शासन के साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 122 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिले के दूरस्थ अंचलों से भी बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान जमीन का सीमांकन, नक्शा दुरुस्ती, अतिक्रमण हटाने, नाला गहरीकरण, अनुकम्पा नियुक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, बिजली-पानी सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
जरूरतमंदों ने रखी अपनी समस्याएं
जनसुनवाई में ग्राम पिण्डरईखुर्द की रेणुका चौरसिया ने लाड़ली लक्ष्मी योजना का प्रमाण पत्र बनवाने, ग्राम मानेगांव की श्रद्धा वर्मा ने नीट की तैयारी एवं उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता, ग्राम भाजीपानी के अंतराम बट्टी ने भूमि सीमांकन, ग्राम मऊ के सेवकराम कड़वे ने मकान में आग लगने से हुई क्षति के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी।
इसी तरह चौरई वार्ड क्रमांक-7 की ममता डोंगरे ने पुत्री का जाति प्रमाण पत्र बनवाने, छिंदवाड़ा नगर वार्ड क्रमांक-10 की शीला सराठे ने अंत्येष्टि सहायता राशि तथा वार्ड क्रमांक-34 माता मंदिर वार्ड के नागरिकों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।
अधिकारियों को दिए मौके पर कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न आवेदनों पर तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, कुछ महत्वपूर्ण प्रकरणों को आगामी समय-सीमा बैठक में समीक्षा के लिए चिन्हित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी। एडीएम धीरेन्द्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के अन्य खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुए।
