25 पेटियों में 215.82 लीटर देशी-विदेशी शराब बरामद, 7 लाख की कार जब्त; महिला आरोपी जेल भेजी गई, एक आरोपी फरार
छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव, 1 सितंबर। जुन्नारदेव पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में देशी-विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान 25 पेटियों में कुल 215.82 बल्क लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 45 हजार 950 रुपये है, जब्त की। शराब परिवहन में प्रयुक्त करीब 7 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार और मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि माझरी निवासी विजय उर्फ गुड्डा वसूले पालाचौरई-अंबाड़ा क्षेत्र से कार में अवैध शराब लेकर अपने घर की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने उसके घर के सामने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कार चालक विजय उर्फ गुड्डा कार छोड़कर घर में घुस गया और पीछे के रास्ते से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें देशी प्लेन शराब की 15 पेटियां, लाल देशी शराब की 2 पेटियां, ऑफिसर च्वाइस की 6 पेटियां, मैजिक मूमेंट की 1 पेटी तथा गोवा कंपनी की 1 पेटी मिली। कार में मौजूद पूर्णिमा पिता जनार्दन कुशवाहा (20), निवासी माझरी से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।पुलिस ने शराब सहित कार और मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी पूर्णिमा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया गया। मामले में विजय उर्फ गुड्डा वसूले फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक शराब की सप्लाई के स्रोत तथा पालाचौरई शराब दुकान और स्थानीय ढाबा संचालकों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शराब के स्रोत और अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी।
फरार आरोपी की तलाश
विजय उर्फ गुड्डा वसूले, पिता रंगराव वसूले, उम्र 36 वर्ष, निवासी माझरी, थाना जुन्नारदेव।कार्रवाई में थाना प्रभारी जगोतिन मसराम, उपनिरीक्षक मुकेश डोंगरे, उपनिरीक्षक पूनम उइके सहित आरक्षक नीलेश पाल, योगेश जांगले, अनिल उइके तथा महिला आरक्षक अनिता मड़ावी और ललिता धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है।
