डेंगू रोकथाम के लिए 141 घरों में लार्वा सर्वे
9 घरों में मिले एडीज मच्छर के लार्वा, स्वास्थ्य विभाग ने किया नष्टीकरण
छिंदवाड़ा। डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में लगातार सर्वे और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वार्ड क्रमांक 31 छोटी माता मंदिर वार्ड में स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमों ने 141 घरों का सर्वे कर एडीज मच्छर के लार्वा की जांच की। सर्वे के दौरान 9 घरों में एडीज मच्छर के लार्वा पाए गए, जिनका मौके पर नष्टीकरण किया गया।
इसी क्रम में ब्लॉक हर्रई के 33 ग्रामों में अंदरूनी अवशिष्ट कीटनाशी छिड़काव का कार्य भी पूर्ण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि घरों में रखे पानी के कंटेनर, कूलर, फ्रिज, टांके-टंकियां और पुराने टायर आदि की सप्ताह में कम से कम एक बार जांच करें। पानी के कंटेनरों को खाली कर साफ करें और जहां संभव हो उन्हें ढंककर रखें। जिन बड़े पानी के कंटेनरों की सफाई या ढंकना संभव नहीं है, उनमें स्वास्थ्य विभाग की सलाह के अनुसार मच्छर लार्वा नियंत्रण के उपाय अपनाएं।
डेंगू से बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने तथा मच्छरों से बचाव के अन्य उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द या नाक-मसूड़ों से रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिला चिकित्सालय एवं छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में डेंगू की जांच के लिए एलिसा टेस्ट की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास पानी जमा न होने दें और डेंगू के संक्रमण को रोकने में सहयोग करें।
