43 स्थायी और 111 गिरफ्तारी वारंट तामील, 450 लीटर अवैध शराब जब्त; 9 गुम इंसानों को पुलिस ने परिजनों से मिलाया
सच की आंखें न्यूज़ छिन्दवाड़ा। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक छिन्दवाड़ा के निर्देशन में 31 अगस्त से 1 सितंबर की रात जिलेभर में सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने औचक दबिश, घेराबंदी और सघन चेकिंग करते हुए 154 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 43 स्थायी वारंटी और 111 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।वारंट तामीली में मोहखेड़/उमरानाला पुलिस टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। उप पुलिस अधीक्षक रामेश्वर चौबे के नेतृत्व में थाना प्रभारी संजय भलावी, चौकी प्रभारी एसआई राजेश साहू एवं टीम ने 9 स्थायी और 8 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 17 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 299 के तहत करीब 9 वर्षों से फरार एक आरोपी, जो बेंगलुरु में फरारी काट रहा था, को पुलिस टीम ने सूझबूझ से गिरफ्तार किया। कार्रवाई में एएसआई संतोष बघेल एवं श्याम टाकरे की भी भूमिका रही।
कुंडीपुरा थाना टीम दूसरे स्थान पर रही। नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी महेंद्र भगत एवं टीम ने 8 स्थायी और 9 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 17 वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं रावनवाड़ा थाना टीम तीसरे स्थान पर रही, जिसने 5 स्थायी एवं 3 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 8 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
450 लीटर अवैध शराब जब्त
कॉम्बिंग अभियान के दौरान अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 21 आरोपियों से कुल 450 लीटर अवैध शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की। इसके अलावा 102 गुंडों, 69 निगरानी बदमाशों और 40 कबाड़ियों की सघन चेकिंग की गई।
9 गुम इंसान सकुशल मिले
पुलिस टीमों ने पुराने गुमशुदगी प्रकरणों में भी तलाश अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 9 गुम इंसानों को दस्तयाब कर सकुशल उनके परिजनों से मिलाया गया, जिससे परिवारों में खुशी लौट आई।पुलिस ने अभियान के दौरान सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गुंडों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड भी अपडेट किए। पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के कॉम्बिंग ऑपरेशन एवं सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
