कलेक्टर श्री नारायन ने समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा की17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, तैयारियों के दिए निर्देश

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

कलेक्टर श्री नारायन ने समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा की 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, तैयारियों के दिए निर्देश

छिंदवाड़ा। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई आवेदनों तथा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।

होटल-रेस्टोरेंट की जांच जारी रखने के निर्देश

कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को जिले के होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में हाईजीन की नियमित जांच और औचक निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को बिंदुवार नोटिस में दर्ज कर संचालकों से सुधार कराया जाए। नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

11 सितंबर को सुसरई में लगेगा सीएम जन-विश्वास शिविर

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत अगला क्षेत्रीय शिविर 11 सितंबर को छिंदवाड़ा विकासखंड के ग्राम सुसरई में आयोजित होगा। कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और अधिक से अधिक शिकायतों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिविर के प्रथम चरण में अधिकारी अपने विभाग से संबंधित संस्थाओं का निरीक्षण कर परख ऐप पर ऑनलाइन निरीक्षण प्रतिवेदन दर्ज करेंगे। इसके बाद शिविर स्थल पर पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे। संस्थाओं का निरीक्षण नहीं करने अथवा परख ऐप पर जानकारी दर्ज नहीं करने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

किराए के आंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाओं पर नाराजगी

कुछ किराए के आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली एवं पानी की समस्या सामने आने पर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसे सभी केंद्रों की नामजद सूची तैयार कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रस्तुत करने तथा स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत आशीर्वाद का दिया, बच्चों के सपनों का भारत, सेवा गाथा, आंगनबाड़ी उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान एवं रंगोली राष्ट्र जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने संबंधित विभागों को गतिविधिवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए तैयारियां शुरू करने और अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फॉर्मर रजिस्ट्री में प्रगति पर चौरई टीम की सराहना

फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य में उल्लेखनीय प्रगति पर कलेक्टर ने एसडीएम चौरई, तहसीलदार चांद, चौरई एवं बिछुआ सहित पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने अन्य एसडीएम को भी इसी प्रकार कार्य करते हुए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं छिंदवाड़ा क्षेत्र में कम प्रगति पर एसडीएम छिंदवाड़ा को प्रतिदिन पटवारियों के कार्यों की मॉनिटरिंग कर स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए।

हाथी की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों को सतर्क करने के निर्देश

वनमंडल अधिकारी श्री साहिल गर्ग ने बताया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में एक जंगली हाथी विचरण कर रहा है और वर्तमान में उसकी लोकेशन सांगाखेड़ा क्षेत्र में है। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को कोटवारों के माध्यम से मुनादी करवाकर ग्रामीणों को हाथी से दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही हाथी एवं जंगली सुअर से हुई फसल क्षति के प्रकरण शीघ्र तैयार कर प्रभावित किसानों को समय पर क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अन्य विभागों को भी दिए निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने पील्हावाड़ी में सड़क समस्या पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, संवेदनशील क्षेत्रों में डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए दवा छिड़काव का कार्य शीघ्र पूरा करने, जिला अस्पताल का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण करने तथा जनसुनवाई प्रकरणों में अनिवार्य रूप से जवाब दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर सितंबर माह में राजस्व वसूली का लक्ष्य बढ़ाने सहित अन्य प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default