उपचुनाव 2026 के लिए ईवीएम की एफएलसी और रेंडमाइजेशन की तिथियां निर्धारित
10 से 12 सितंबर तक एफएलसी, 16 सितंबर को होगा रेंडमाइजेशन
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल के निर्देशानुसार पंचायतों एवं नगरीय निकायों के उप निर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) के लिए ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी), रेंडमाइजेशन, कमीशनिंग एवं प्रबंधन की प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) छिंदवाड़ा द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ईवीएम की एफएलसी कार्यवाही 10 से 12 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से तहसील कार्यालय स्थित स्ट्रांग रूम, छिंदवाड़ा में आयोजित की जाएगी।
वहीं डीईओ लेवल रेंडमाइजेशन की कार्यवाही 16 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे से कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के एनआईसी कक्ष में की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) ने जिला पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित जनपद पंचायतों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
